पोस्टमॉर्टम कर रहे डॉक्टर को मिला, महिला के अंडरगारमेंट में सुसाइड नोट;

 इंदौर में रंगपंचमी के दिन एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। डॉक्टर को पोस्टमॉर्टम से पहले उसके अंडरगारमेंट में चार पेज का सुसाइड नोट मिला है। डॉक्टर ने सुसाइड नोट पुलिस को सौंप दिया। मृतका ने नोट में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने पति राहुल, सास और ननदों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। यह भी लिखा कि वो राहुल की पहली पत्नी से हुई बेटी को भी मार देंगे। पुलिस के मुताबिक महिला ने सुसाइड नोट एक दिन में नहीं लिखा। बल्कि शादी के बाद एक साल के दौरान उसे पति, सास और ननद की जितनी प्रताड़नाएं याद आती गईं वह लिखती गई होगी।

मामला गुरुशंकर नगर का है। यहां रहने वाली प्रियंका चौहान का शव रंगपंचमी के दिन फंदे पर लटकते हुए मिला था। उसका पति राहुल चौहान नगर निगम में ड्राइवर है। वह उस समय ड्यूटी पर गया हुआ था। पुलिस ने सास पारूबाई और पति राहुल से पूछताछ की लेकिन किसी तरह की परेशानी की बात सामने नहीं आई। दूसरे दिन बुधवार को महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में ले जाया गया। यहां पोस्टमार्टम कर रहे डॉ. भरत वाजपेयी को महिला के ब्लाउज से एक सुसाइड नोट मिला। जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक सुसाइड नोट में नवविवाहिता ने पति राहुल और सास पारूबाई पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

 प्रियंका ने सुसाइड नोट के पहले पेज पर पति राहुल चौहान के बारे में लिखा। उसने बताया कि वह उससे बहुत प्रेम करती है, लेकिन पति उसकी बात नहीं समझ रहा और सास के बहकावे में आकर मारपीट करता है। राहुल पहले से शादीशुदा था। पहली पत्नी की मौत हो चुकी है, जिससे उसे 9 साल की बेटी है। वो उस बच्ची को भी मेरी तरह प्रताड़ित करके मार देगा।

प्रियंका ने अगले दो पेज पर सास पारूबाई के तानों की कहानी लिखी। उसने लिखा, सास बिना वजह परेशान करती है। इसके बाद उसने सास-बहू के बीच सालभर में हुए लड़ाई-झगड़ों का जिक्र किया। आखिरी पन्ने में अपनी ननद आशा, पिंकी व एक अन्य के मायके आने पर प्रताड़ित करने की बात लिखी। प्रियंका ने लिखा कि उसकी मौत बेकार नहीं जानी चाहिए। पति, सास और ननद को इसकी सजा मिलनी चाहिए।

प्रियंका के अंजड़ में रहने वाले पिता अमृत ने बताया कि करीब 6 महीने पहले प्रियंका को राहुल घर के बाहर छोड़कर चला गया था। तब दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। प्रियंका ने बताया था कि वह मोबाइल पर किसी अन्य महिला से बात करता है। वह प्रियंका को छोड़कर तीसरी शादी करने की बात कहता था, लेकिन बेटी का घर नहीं बिगड़े इसलिए हमने रिश्तेदारों को बुलाकर राहुल को समझाया और प्रियंका को ससुराल भेज दिया था। इसके बाद भी दामाद ने बेटी को प्रताड़ित करना बंद नहीं किया। आज हमारे पास बेटी ही नहीं है। उसकी मौत के जिम्मेदार ससुराल वालों पर कार्रवाई होना चाहिए।

प्रियंका और राहुल की पिछले साल ही अप्रैल में ही शादी हुई थी। प्रियंका और राहुल के बीच संबंध ठीक नहीं थे। सास भी उसे ताने मारती थी। फिलहाल पुलिस ने नवविवाहिता के सुसाइड को लेकर जांच शुरू कर दी है।